विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस कार्यकम आयोजित
टोंक पुलिस पीड़ितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है - एसपी रोशन मीना

टोंक । ( ब्यूरो चीफ प्रिया गौत्तम ) अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस सिविल राइट्स एवं एएचटी राजस्थान जयपुर के आदेशानुसार पुलिस अधीक्षक टोंक रोशन मीना , एएसपी टोंक रतन लाल भार्गव के निर्देशन में जिले के समस्त थानों में व मानव तस्करी विरोधी पुलिस यूनिट कार्यालय, टोंक में दिनांक 30 जुलाई गुरुवार को विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर बैठक एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मानव तस्करी के विरुद्ध जागरूकता की शपथ दिलाई गई तथा जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन, विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों को मानव तस्करी के विभिन्न रूपों, इसके कारणों, बचाव के उपायों तथा कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना था । कार्यक्रम में मानव तस्करी विरोधी पुलिस यूनिट प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि तस्कर अक्सर बेहतर रोजगार, उच्च आय, विवाह, शिक्षा अथवा अच्छे भविष्य का झूठा लालच देकर लोगों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को अपने जाल में फंसाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रलोभनों से सतर्क रहना तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लगातार जागरूकता फैलाना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक, महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक, चाइल्ड हेल्प लाइन टोंक शिव शिक्षा समिति टॉक उपस्थित रहे इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मानव तस्करी की रोकथाम, पीड़ितों के संरक्षण तथा आमजन को जागरूक करने के लिए पूर्ण निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान मानव तस्करी के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता पोस्टर का भी विमोचन किया गया। पोस्टर के माध्यम से आमजन को मानव तस्करी के विभिन्न स्वरूपों, इसके दुष्परिणामों, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान तथा समय पर पुलिस को सूचना देने के संबंध में महत्वपूर्ण संदेश दिए गए। मानव तस्करी मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन एवं समाज के लिए एक बड़ी चुनौती है। विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों एवं कमजोर वर्गों को झूठे रोजगार, विवाह, शिक्षा अथवा बेहतर जीवन के प्रलोभन देकर तस्करी का शिकार बनाया जाता है। ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए पुलिस एवं समाज की संयुक्त भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
टोंक पुलिस अधीक्षक रोशन मीना ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति, महिला अथवा बच्चे के संबंध में मानव तस्करी की आशंका या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस हेल्पलाइन पर दें। नागरिकों की सतर्कता एवं सहयोग से ही मानव तस्करी जैसे जघन्य अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। टोंक पुलिस मानव तस्करी के विरुद्ध सतत अभियान चलाकर जन-जागरूकता बढ़ाने एवं पीड़ितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।




