नृसिंह आश्रम हाड़ीकला में श्रद्धा के साथ मनाई गुरु पूर्णिमा, श्रद्धालुओं ने लिया गुरु का आशीर्वाद
ब्यूरो चीफ प्रिया गौतम

टोंक । पीपलू उपखण्ड क्षेत्र के गांव हाड़ीकला स्थित नृसिंह आश्रम में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंचे और गुरु के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन कर गुरु के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। मंगलवार रात्रि को भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें भजन मंडलियों ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय प्रस्तुतियां दीं। देर रात तक श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर भगवान एवं गुरु महिमा का गुणगान करते रहे।
आश्रम परिसर में पूरे दिन आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने गुरु के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और सेवा की भावना को अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज का आशीर्वाद लेकर सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।




