प्रतापगढ़

प्रतापगढ़: पेंशनर्स के लिए बड़ी राहत, 27 अप्रैल को संभाग स्तर पर लगेगी पेंशन अदालत, 15 अप्रैल तक करें परिवेदनाएं

प्रतापगढ़: राजस्थान सरकार के पेंशन एवं पेंशनर्स कल्याण विभाग की तरफ से पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स के हित में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। पेंशन से जुड़ी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करने के उद्देश्य से संभाग स्तर पर 27 अप्रैल को ‘पेंशन अदालत’ का आयोजन किया जाएगा। यह अदालत मुख्य रूप से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन से संबंधित दिक्कतों का निवारण करेगी।

इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी कमलेश तेतरवाल ने बताया कि राजस्थान में प्रत्येक वर्ष बहुत बड़ी संख्या में कर्मचारी सेवानिवृत्त होते हैं। विशेष रूप से स्कूल शिक्षा विभाग से प्रतिवर्ष हजारों कर्मचारियों का पेंशन से जुड़ा मामला आता है। इसलिए प्रथम चरण में शिक्षा विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए यह पेंशन अदालत आयोजित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि पेंशन अदालत में पेंशनर अपनी समस्याओं और परिवेदनाओं को 15 अप्रैल तक प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके बाद 27 अप्रैल को आयोजित इस अदालत में उनकी सुनवाई की जाएगी। इस व्यवस्था का मकसद पेंशनर को लंबित समस्याओं से निजात दिलाना और समयबद्ध समाधान प्रदान करना है।

सरकार ने इस पहल को पेंशनर्स की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बनाया है ताकि वे बिना किसी अतिरिक्त परेशानी के अपने हक की पेंशन प्राप्त कर सकें। इसके तहत पेंशन अधिकारियों, विभागीय अधिकारियों और अन्य विशेषज्ञों की टीम की नियुक्ति की जाएगी जो इस अदालत में कार्यभार संभालेंगे।

इस पहल से पेंशनर्स को लाभ होगा और वे आसानी से अपनी शिकायतें दर्ज करा पाएंगे, जिनका शीघ्र समाधान किया जाएगा। वहीं सरकार भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए पेन्शन से जुड़ी समस्त परेशानियों को दूर करने में सफल होगी।

अधिकारियों ने पेंशन प्राप्त करने वाले सभी पात्र नागरिकों से आग्रह किया है कि वे 15 अप्रैल तक अपनी परिवेदनाएं समय रहते जमा करा दें ताकि अदालत में उन्हें प्राथमिकता मिल सके। यह प्रयास राजस्थान सरकार की पेंशन नीति को और भी सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button