बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए आयोजित हुआ बालिका शिक्षा सम्मेलन एवं सम्मान समारोह
ब्यूरो चीफ मोहम्मद कासिम

रूपबास (तिजारा-खैरथल)। अलवर मेवात शिक्षा एवं विकास संस्थान द्वारा रूपबास (तिजारा) में बालिका शिक्षा सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ड्रॉपआउट किशोर बालिकाओं को ओपन शिक्षा के माध्यम से पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेता CA मुख्तयार अहमद, प्रोफेसर गंगासहाय मीणा, एडीएम शौकत अली, साहित्यकार जीवन सिंह मानवी, डॉ. भरत मीणा, समाजसेवी नासिर हुसैन, फतेह मोहम्मद सरपंच, मौलाना इरफान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने बालिका शिक्षा को समाज के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला बताते हुए कहा कि बेटियों को शिक्षा से जोड़ना केवल उनके भविष्य को बेहतर बनाना नहीं, बल्कि पूरे समाज को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
एमिड संस्था के सदर नूर मोहम्मद ने बालिका शिक्षा की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि आर्थिक, सामाजिक अथवा अन्य कारणों से पढ़ाई छोड़ चुकी किशोर बालिकाओं को दोबारा शिक्षा से जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने संस्था द्वारा इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में बालिकाओं को प्रोत्साहित करने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए कार्य करने का संदेश दिया गया। उपस्थित अतिथियों ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।




