राजस्थान: पति की चिता सज रही थी, तभी पत्नी ने भी तोड़ा दम, एक साथ दी गई अंतिम विदाई

चित्तौड़गढ़, राजस्थान। कांकरवा क्षेत्र के बावरियों का खेड़ा गांव से एक मार्मिक खबर सामने आई है, जिसने प्रेम, समर्पण और साथ निभाने की असली मिसाल पेश की है। 85 से 90 वर्ष की उम्र के बुजुर्ग पति-पत्नी हरिराम जाट और उनकी पत्नी रानी बाई जाट ने जीवनभर एक-दूसरे के साथ प्रेम और समर्पण का उदाहरण दिया।
हरिराम जाट की अचानक तबीयत खराब हुई और उनका निधन हो गया। परिवार के लोग उनकी चिता सजाने में व्यस्त थे तभी एक चौंका देने वाला वाकया हुआ। पत्नी रानी बाई जाट ने पति के निधन की खबर सुनते ही अपना दम तोड़ दिया। इस घटना से पूरा गांव स्तब्ध रह गया।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि दोनों ने शादी के बाद से ही हर सुख-दुख में एक-दूसरे का समर्थन किया और जीवन के अंतिम पड़ाव तक साथ निभाने का वचन निभाया। उनकी जिंदगानी बस एक-दूसरे के लिए थी। उनकी अंतिम विदाई एक साथ दी गई, जिससे सभी भावुक हो उठे।
स्थानीय समुदाय के लोगों ने दोनों को प्रेम और समर्पण की द्रष्टांत बताया। गांव के मुखिया ने कहा, “ऐसे प्यार और साथ की मिसाल कम ही देखने को मिलती है। हरिराम और रानी बाई की जोड़ी हम सबके लिए प्रेरणा है।”
इस घटना ने यह प्रमाणित कर दिया कि सच्चा प्यार और साथ निभाना जीवन के अंतिम क्षणों तक अमिट रहता है। चित्तौड़गढ़ जिले के इस छोटे से गांव की यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।




