रूपवास: उपजिला अस्पताल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन, रक्तदाताओं ने 15 यूनिट रक्तदान किया
ब्यूरो चीफ लखमी चन्द बंशीवाल

रूपबास/भरतपुर। कस्बे के राजकीय उपजिला अस्पताल में शुक्रवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता अस्पताल प्रभारी डॉ. पुष्पेन्द्र शर्मा ने की। शिविर में चिकित्सकों, अस्पताल कर्मियों तथा स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 15 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
अस्पताल प्रभारी डॉ. पुष्पेन्द्र शर्मा ने बताया कि निदेशक, राज्य रक्त संचरण परिषद एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भरतपुर के निर्देशानुसार जिलेभर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में रूपवास के राजकीय उप जिला अस्पताल में शिविर आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा आमजन में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त कई मरीजों का जीवन बचा सकता है। ऐसे आयोजनों से लोगों में सामाजिक सरोकार की भावना विकसित होती है और रक्त की कमी जैसी समस्या से निपटने में मदद मिलती है।
शिविर के लिए भरतपुर से विशेष रक्त संग्रहण टीम रूपवास पहुंची। टीम ने रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया। रक्तदान शिविर प्रातः 7 बजे शुरू होकर दोपहर 2 बजे तक चला। इस दौरान अस्पताल परिसर में रक्तदाताओं का उत्साह देखने को मिला।
शिविर में अस्पताल के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने भी रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया ।
रक्तदाताओं ने नियमित रूप से रक्तदान करने की शपथ भी ली ।
इस अवसर पर अस्पताल प्रभारी डॉ. पुष्पेन्द्र शर्मा के अलावा विष्णु दयाल, हरेन्द्र, चेतेन्द्र, चन्द्रवीर, वीरेन्द्र सहित अन्य अस्पताल कर्मी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




