ब्रेकिंग न्यूज़भरतपुरराजस्थानरूपबाससामाजिक
भीषण गर्मी में बेजुबान पक्षियों का सहारा बने युवा ने बांधे परिंडे करुणा जीव सेवा संस्था ने 1000 परिंडे बांधने का लिया संकल्प
भरतपुर।रुपवास: उपखंड क्षेत्र में बढ़ती गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए करुणा जीव सेवा संस्था, रुपवास के युवाओं ने बेजुबान पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए सराहनीय पहल शुरू की है। भामाशाह अमरसिंह अंदाजा के सहयोग से रुपवास के रामचरण लाल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजकीय उपजिला अस्पताल और अन्य सार्वजनिक स्थानों तथा पेड़ों पर पक्षियों के लिए पानी के परिंडे बांधे गए हैं। कार्यक्रम में शामिल युवाओं और कार्यकर्ताओं ने बताया कि इस भीषण गर्मी में पानी की तलाश में भटकते हुए कई पक्षी दम तोड़ देते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पूरे प्रखंड में 500 परिंडे लगाए जा चुके हैं, जबकि कुल 1000 परिंडे बांधने का संकल्प लिया गया है। अभियान के पहले चरण में रुपवास के मुख्य बाजारों के साथ खानुआ, इब्राहिमपुर, कांदौली, मैरथा, चांदौली और कस्बे के अन्य सार्वजनिक स्थानों परिंडे लगाए गए। ये परिंडे मुख्य रूप से घने पेड़ों की शाखाओं, सरकारी भवनों की छतों और मंदिर परिसरों में बांधे गए हैं, जहां पक्षियों की आवाजाही अधिक रहती है। केवल परिंडे बांधना ही काफी नहीं है, इसलिए स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं और टोली नायकों की कमेटियां बनाई गई हैं। ये टोलियां सुबह और शाम नियमित रूप से परिंडों में साफ पानी भरने की जिम्मेदारी संभालेंगी। इस पुनीत कार्य के दौरान उपस्थित गणमान्य लोगों ने आम जनता से भी अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को अपने घर की छत, बालकनी और आंगन में कम से कम एक परिंडा लगाकर उसमें नियमित दाना-पानी रखना चाहिए।






