36 घंटे में सीमा पार पाक ड्रोन से आई 12 करोड़ की 2 किलो 340 ग्राम हेरोइन

श्रीगंगानगर, राजस्थान। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर एक बार फिर बड़ा मामला सामने आया है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 36 घंटे के भीतर पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए लाई गई 2 किलो 340 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 12 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक हरि शंकर ने बताया कि राज्य सरकार की मादक पदार्थों के खिलाफ ‘‘जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत श्रीकरणपुर थाना क्षेत्र में बीएसएफ की 163 बटालियन के बीओपी 3 एफसी प्रभारी उपनिरीक्षक अतुल शर्मा को सूचना मिली कि रोही क्षेत्र के दिलबाग सिंह के खेत में संदिग्ध मादक पदार्थ हो सकता है।
इस पर पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने तुरंत मौके पर पहुंच कर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान खेत से 2 किलो 340 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा एक काला बैग, जैकेट, गर्म शॉल, लोवर और दो जोड़ी जूतों के भी अवशेष मिले। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह हेरोइन ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से भेजी गई थी, जिसका रिसीव करने वाले तस्कर मौके से फरार हो गए, उन्होंने अपने कपड़े और बैग वहीं छोड़ दिए थे।
श्रीकरणपुर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार को मामले की जांच सौंपी गई है। पुलिस अब इस तस्करी के नेटवर्क को पकड़ने और फरार आरोपियों की तलाश में लगी हुई है। अधिकारियों का मानना है कि इस मामले से अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह से जुड़ी बड़ी जानकारी सामने आ सकती है।
यह मामला शनिवार की देर रात एक बड़ी खेप पकड़े जाने के एक दिन बाद आया है। तब करणपुर क्षेत्र के गांव 17 ओ के पास चार युवकों से 12.167 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 60 करोड़ से अधिक आंकी गई थी। यह खेप भी पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आई थी।
इस प्रकार सीमा पर ड्रोन के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी की घटनाओं में वृद्धि को रोकने के लिए पुलिस व बीएसएफ के कड़े प्रवर्तन और त्वरित जवाबी कार्रवाई को जारी रखा जा रहा है ताकि प्रदेश और देश की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।



