रामकुंड तीर्थ के भविष्य और विकास को लेकर आपात बैठक, महंत श्री सीता राम जी के आह्वान पर तहसील मेंढर, मनकोट व बालाकोट के सनातनी समाज की महत्वपूर्ण बैठक
पुलिस दर्पण राजस्थान

मेंढर। बुधवार को महंत श्री सीता राम जी के आह्वान पर ऐतिहासिक रामकुंड तीर्थ स्थान पर एक आपातकालीन बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसील मेंढर, मनकोट एवं बालाकोट से बड़ी संख्या में सनातनी समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बैठक के दौरान ऐतिहासिक रामकुंड तीर्थ स्थान के विकास, उन्नति, भविष्य एवं विभिन्न संवेदनशील विषयों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। समाज के गणमान्य लोगों के साथ-साथ युवाओं ने भी अपने विचार एवं महत्वपूर्ण सुझाव रखे। उपस्थित लोगों के सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए तीर्थ स्थान के हित में सकारात्मक एवं जनकल्याणकारी निर्णय लेने पर जोर दिया गया।
बैठक में महंत श्री सीता राम जी की बढ़ती आयु को लेकर भी चर्चा हुई। उपस्थित लोगों ने कहा कि भविष्य में रामकुंड मंदिर एवं तीर्थ स्थान की जिम्मेदारी किसे सौंपी जाएगी, इसका निर्णय स्वयं महंत श्री सीता राम जी द्वारा किया जाएगा।
बैठक के अंत में उपस्थित सनातनी समाज के लोगों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इस महत्वपूर्ण विषय पर जल्द ही एक-दो और बैठकें आयोजित कर व्यापक स्तर पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके बाद सभी पहलुओं पर सहमति बनने के पश्चात अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में उपस्थित लोगों ने सभी सनातनी भाइयों से रामकुंड तीर्थ स्थान की एकता, गरिमा, विकास एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए आपसी भाईचारे, शांति और सकारात्मक सोच के साथ सहयोग करने की अपील की।




