रूपवास नगरपालिका वार्ड नं. 2 को SC सीट करने की मांग, लोगों ने सौंपा ज्ञापन, मांग नहीं मानी तो चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
ब्यूरो चीफ लखमी चन्द बंशीवाल
रूपवास/भरतपुर। नगरपालिका चुनाव से पहले रूपवास कस्बे के अंबेडकर पार्क के सामने स्थित जाटव मोहल्ला, वार्ड नं. 2 को अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित करने की मांग तेज हो गई है।
वार्डवासियों ने गुरुवार को उपखंड अधिकारी रूपवास के माध्यम से जिला कलेक्टर भरतपुर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि वार्ड नं. 2 को आगामी चुनाव के लिए OBC महिला वर्ग में आरक्षित किया गया है।
वार्डवासियों का दावा है कि वार्ड में SC समाज की आबादी अत्यधिक है और आरक्षण प्रक्रिया पर उन्होंने सवाल उठाए हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि वार्ड नं. 2 को SC सीट घोषित किया जाए। ऐसा संभव नहीं होने पर इसे सामान्य वार्ड घोषित करने की मांग की गई है।
वार्डवासियों ने चेतावनी दी कि मांग पर उचित कार्रवाई नहीं होने पर सभी मतदाता चुनाव बहिष्कार कर सकते हैं। साथ ही किसी भी अप्रिय स्थिति की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होने की बात ज्ञापन में कही गई।
इस दौरान वार्ड के दर्जनों लोग मौजूद रहे।




