भरतपुर।रूपवास:कस्बे के उपखंड कार्यालय के बाहर प्रदेश कुशवाह आरक्षण संघर्ष समिति के बैनर तले कुशवाह, शाक्य, माली, मौर्य व जाटव समाज के सैंकड़ों महिला पुरुषों ने 12 प्रतिशत आरक्षण, अम्बेडकर पार्क, लवकुश छात्रावास की मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू किया। धरने के दौरान संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अबकी बार आर पार की लडाई है। हमें कोई भी कुर्बानी देनी पड़े, हम पीछे नहीं हटेंगे। साथ ही कहा कि अगर कोर कमेटी कहेगी तो चक्का जाम के साथ रेल जाम भी करेंगे। वहीं लवकुश छात्रावास, अम्बेडकर पार्क व खेल मैदान की भूमि आवंटित किए जाने को लेकर कहा कि पिछले कई वर्षों से रूपवास प्रशासन हमें तारीख पर तारीख देकर परेशान कर रहा है। जबकि भूमि राज्य सरकार की है। अगर हमारी मांगे नहीं मानी गई तो धरना अनिश्चितकालीन चलेगा। इस अवसर पर प्रदेश सह संयोजक वासुदेव कुशवाह, बदन सिंह, तोताराम, मनोज गौतम, परसराम, रामदुलारा, सुरेश, गोविंद, राजाराम, रामप्रसाद, परमानंद, हरप्रसाद, राजेंद्र, रोशन, वीर बहादुर, डीके कुशवाह आदि मौजूद रहे।




