मार्बल कारोबार के नाम पर 50 लाख रुपये की ठगी का खुलासा, दो गिरफ्तार
75 हजार रुपये बरामद, गिरोह के सरगना समेत अन्य आरोपियों की तलाश जारी

कोटा, 29 सितंबर। किशोरपुरा थाना पुलिस ने मार्बल कारोबार में साझेदारी का झांसा देकर 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से 75 हजार रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक कोटा शहर तेजस्वनी गौतम के अनुसार, शक्ति नगर निवासी गोवर्धन खंडेलवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 अगस्त 2026 को उनके मोबाइल पर व्हाट्सऐप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को अशोक पाटनी, आर.के. मार्बल्स से जुड़ा बताया और कोटा एयरपोर्ट पर मार्बल का काम साथ करने का झांसा देकर उनसे 50 लाख रुपये ठग लिए।
साइबर सेल और डीएसटी की मदद से कार्रवाई
मामले में किशोरपुरा थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र मिश्रा के सुपरविजन और आरपीएस वृताधिकारी मनीष शर्मा के निर्देशन में थानाधिकारी चेतन शर्मा के नेतृत्व में पुलिस, साइबर सेल और डीएसटी की संयुक्त टीम ने तकनीकी सहायता एवं आसूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की।
पुलिस ने बलवंत सिंह उर्फ बलसा और सचिन भाटी को गिरफ्तार किया। बलवंत को जेल भेज दिया गया है, जबकि सचिन पुलिस रिमांड पर है। पूछताछ के दौरान ठगी की रकम में से 75 हजार रुपये बरामद किए गए।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में लूट और हत्या जैसे गंभीर मामले भी दर्ज हैं। प्रकरण में गिरोह के सरगना और अन्य संलिप्त आरोपियों की जालौर, सिरोही, बाड़मेर और सूरत में तलाश की जा रही है। पुलिस टीमें विभिन्न स्थानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।




