जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, आधा दर्जन घायल, जिला अस्पताल रेफर
ब्यूरो चीफ लखमी चन्द बंशीवाल

भरतपुर।रूपवास: क्षेत्र की ग्राम पंचायत चैकोरा के गांव देविया का नगला में गुरुवार को जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-भाटा चल गया। अचानक हुए इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को पहले स्थानीय उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल भरतपुर रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव देविया का नगला निवासी कप्तान पक्ष और जल सिंह पक्ष के बीच लंबे समय से भूमि को लेकर विवाद चला आ रहा था। गुरुवार को इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप धारण कर लिया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा आसपास के ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई।
संघर्ष में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही परिजन एवं ग्रामीण घायलों को उपचार के लिए रूपवास के उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भरतपुर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर थाना रूपवास से एएसआई खेमचंद पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा दोनों पक्षों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में प्राप्त शिकायतों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क बनी हुई है।




