टोंकराजस्थान

देवानंद महाराज हत्याकांड में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग-प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन

मां भद्रकाली मानव कल्याण सेवा समिति ट्रस्ट कांटोली ने दी आंदोलन और आमरण अनशन की चेतावनी - श्रीराम महाराज अघोरी काटोली

टोंक । ( प्रिया गौत्तम ) मां भद्रकाली मानव कल्याण सेवा समिति ट्रस्ट, कांटोली, तहसील निवाई, जिला टोंक की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन भेजकर श्री श्री 1008 देवानंद जी महाराज, चंद्रेसल मठ (कोटा) के महंत की हत्या के मामले में आरोपियों की अतिशीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई है।

ज्ञापन में मां भद्रकाली मंदिर, कांटोली (निवाई) के पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 श्रीराम महाराज “अघोरी बाबा” ने बताया कि 5 जून 2026 की रात्रि लगभग 10 से 11 बजे के बीच संत देवानंद महाराज अपनी कुटिया में विश्राम कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने धारदार हथियारों से हमला कर उनकी हत्या कर दी। मां भद्रकाली मंदिर ट्रस्ट समिति का कहना है कि 9 जून तक भी पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं किए जाने से संत समाज एवं सनातन धर्म के अनुयायियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ट्रस्ट समिति के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री से मामले का गंभीरता से संज्ञान लेकर संबंधित पुलिस प्रशासन को तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने तथा हत्या में शामिल सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश देने की मांग की है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो सैकड़ों संत-महात्माओं एवं सनातन धर्म प्रेमियों के साथ आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। साथ ही कहा गया है कि आंदोलन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होने पर उसकी समस्त जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी। यह ज्ञापन मां भद्रकाली मंदिर कांटोली के पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 श्रीराम महाराज अघोरी बाबा के नेतृत्व में प्रेषित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button