श्री गंगानगर

श्रीकरणपुर सीमा बना पाकिस्तान तस्करी का केंद्र: तीन दिनों में 80 करोड़ की हेरोइन जब्ती

श्रीगंगानगर, राजस्थान

श्रीकरणपुर की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को लगातार तीसरे दिन यहाँ बड़ी मात्रा में हेरोइन जब्त की गई है। बीएसएफ और पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से श्रीकरणपुर क्षेत्र के 1 एफसी रोही में एक सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसमें लगभग डेढ़ किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई। यह तीसरे दिन की कार्रवाई में मिली तस्करी की खेप की कुल कीमत लगभग 80 करोड़ रुपए के करीब पहुंच चुकी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद हेरोइन अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब साढ़े सात करोड़ रुपए मूल्य की है। बीएसएफ अधिकारियों के अनुसार यह मादक पदार्थ पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई थी, जिससे सीमा सुरक्षा एजेंसियों में सतर्कता बढ़ गई है।

जिला पुलिस अधीक्षक हरीशंकर ने बताया कि केवल 24 घंटे पहले ही 6 अप्रैल को इसी क्षेत्र में पाक ड्रोन से लगभग 2 किलो 340 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 12 करोड़ रुपए आंकी गई। इस बार तस्करों के पाक मंसूबे बीएसएफ की कड़ी नजर पर फेल हो गए।

बरामद हेरोइन के पास काला बैग, जैकेट, गर्म शॉल, लोवर और दो जोड़ी जूते भी मिले थे, जिनसे प्रारंभिक जांच में यह साफ हो गया कि यह खेप ड्रोन से मंगवाई गई थी।

साथ ही, दो दिन पहले 5 अप्रैल को श्रीकरणपुर के गांव 17 ओ के पास चार युवकों से 12.167 किलो हेरोइन बरामद की गई थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत 60 करोड़ से अधिक बताई गई थी। यह खेप भी पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से आई थी। इस पूरे मामले ने सीमा सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस प्रशासन की सतर्कता बढ़ा दी है।

इस घटनाक्रम से यह स्पष्ट होता है कि श्रीकरणपुर बॉर्डर हाल ही में मादक पदार्थों की तस्करी के लिए हॉट स्पॉट बन चुका है। बीएसएफ और जिला पुलिस इस संदर्भ में सुरक्षा के कड़े प्रबंध कर रही हैं और तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही हैं।

अधिकारियों ने कहा है कि सीमा पर सघन निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि देश के अंदर मादक पदार्थों की तस्करी को पूरी तरह रोका जा सके और तस्करों के नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके। स्थानीय प्रशासन भी इस दिशा में समन्वित प्रयास कर रहा है।

Related Articles

Back to top button