हनुमान जन्मोत्सव पर निकली शोभायात्रा, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जताई भागीदारी

स्वर्णनगरी, राजस्थान – चैत्र पूर्णिमा के पावन अवसर पर स्वर्णनगरी में हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पुराने बिजलीघर परिसर स्थित गजटेड हनुमान मंदिर में विशेष आयोजन रखा गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
हनुमान जन्मोत्सव आयोजन समिति के संयोजक ग्वालदास मेहता ने बताया कि सुबह 9:30 बजे गड़ीसर चौराहे से शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा में सजीधजी अलंकृत ऊंट-घोड़े, पारंपरिक परिधान में मंगल कलश धारण किए बालिकाएं और विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। जय श्री राम एवं हनुमान चालीसा के उद्घोषों के साथ श्रद्धालु पूरे जोश और उत्साह के साथ आगे बढ़ते रहे।
श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए खास कर हनुमानगढ़ से आई सरदार बैंड और बीकानेर के खाजूवाला बंजारा बीन टीम ने जीवंत संगीत प्रस्तुत किया, जिसने शोभायात्रा में चार चांद लगा दिए। राम के पात्र में भागीरथ चुयल, लक्ष्मण के रूप में मनोहर मीणा तथा हनुमान की भूमिका में विजयसिंह मोयल ने अपनी सहज अभिनय कला से सभी का मन मोह लिया।
इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के टीकम व थिरपाल गर्ग ने भुजदंड और तलवार के साथ शौर्य प्रदर्शन कर दर्शकों में उत्साह का संचार किया। विधायक छोटूसिंह भाटी के सानिध्य में निकली शोभायात्रा गड़ीसर चौराहे से गुलासतला रोड, आसनी रोड, गोपा चौक, सदर बाजार और गांधी चौक होते हुए हनुमान चौराहे से मंदिर परिसर तक पहुंची, जहां विशेष पूजा-अर्चना की गई।
कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे, जिन्होंने धार्मिक भाव से हनुमान जन्मोत्सव को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया। इस आयोजन ने नगरवासी व आस-पास के क्षेत्र के लोगों में सांस्कृतिक एकता और धार्मिक चेतना को भी मजबूत किया। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन समाज में भाईचारे और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देते हैं।




